Bookmark and Share

prem2

राजश्री प्रोडक्शंस ने पुरानी कढ़ी डबल छौंक के साथ नए बाउल में परोस दी है -- 'प्रेम रतन धन पायो'. इस बार सूरज बड़जात्या ने कढ़ी बघारते समय ध्यान रखा है और बघार में आदर्श कम डाले हैं और मसालों में फाइट, रेडीमेड इमोशंस, कॉमेडी, 'पूर्वघोषित मिस्ट्री' आदि भी डाले हैं. कहानी वही घिसी पिटी है, पर उसका फिल्मांकन मनोरंजक है।  यह सूरज की पहली फिल्म है जिसे फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने तीन काट मारे हैं। फांसी के सीन, रखैल शब्द और राम लीला का फूहड़ फिल्मांकन हटाना पड़ा था। फिर भी फिल्म में इसका असर नजर नहीं आया।

अब कहाँ राजा बचे हैं ? अब कहाँ कोई राजतिलक होता है? राजकुमार है तो राजकुमारी भी है। राजा तो अय्याश ही होते थे, उनकी रानी, पटरानी और रखैलों के बच्चे भी 'राजपाट' का हक़ चाहते हैं। अब राजपाट नहीं बचा तो उनके महल, फैक्टरियां, विदेश में संपत्तियां तो हैं ही; संपत्ति है तो भूलभुलैया वाले महल, तहखाने, तलवारबाजी, पोलो, घोड़े, महँगी कारें, हीरे जवाहरात, षड़यंत्र, दुश्मनी, वफादार दीवान आदि भी हैं; कहानी आगे बढ़ाने के लिए।

आप अपनी बहन, बेटी, माँ , भाभी आदि के साथ दीपावली पर लिकर बार में तो जायेंगे नहीं; राजश्री भोजनालय ही जा सकते हैं और वहां आपको शराब नहीं, कढ़ी ही पीने को मिल सकती है. शानदार लोकेशंस, भव्य महल, महंगी ज्यूलरी, पारिवारिक माहौल, सलमान का डबल रोल, मनोरंजक गीत-संगीत और दीपावली का समय! फिल्म तो पहले शो से ही हाउसफुल होनी ही थी। नौजवानों इंदौर के कार्निवाल थियेटर में पहले शो में जब नौजवानों का जत्था स्क्रीन के पास की खाली जगह पर जाकर डांस में परदे पर सलमान और सोनम को गाते-नाचते देख खुद भी नाचने लगा तो महसूस हुआ कि लोग इसके महंगे टिकट के पैसे वसूल कर रहे हैं।

सूरज बड़जात्या और सलमान खान की यह चौथी सुपर हिट फिल्म है । 'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन' और 'हम साथ साथ हैं' में भी दोनों ने पारिवारिक मनोरंजन पेश किया था।

'प्रेम रतन धन पायो' में फिल्म से पहले 'दिलवाले' का ट्रेलर दिखाया गया और फिल्म में सलमान का नाम 'प्रेम दिलवाले' रखा गया है। फिल्म में अनेक ऑनस्क्रीन एड भी हैं, जिनमें हल्दीराम का नाम लेकर प्रचार बार बार किया गया। ऐसा लगा मानो टीवी पर फिल्म देख रहे हैं।

फिल्म की लागत का एक बड़ा हिस्सा रिलीज़ के पहले ही वसूल हो चुका है। नील नितिन मुकेश और अरमान कोहली को इस फिल्म ने फिर रोजगार पर लगा दिया है। सोनम कपूर को क्यों लिया गया; समझ से पर है ! पलक मुछाल ने टाइटल सांग गाया है.

Search

मेरा ब्लॉग

blogerright

मेरी किताबें

  Cover

 buy-now-button-2

buy-now-button-1

 

मेरी पुरानी वेबसाईट

मेरा पता

Prakash Hindustani

FH-159, Scheme No. 54

Vijay Nagar, Indore 452 010 (M.P.) India

Mobile : + 91 9893051400

E:mail : prakashhindustani@gmail.com