
थाईलैण्ड के फुकेट में रहने वाले एक निर्दयी बाप ने अपनी 11 महीने की बेटी को एक पुरानी खाली पड़ी बिल्डिंग की छत से फांसी पर लटकाकर मार डाला और उसका फेसबुक पर सीधा प्रसारण भी कर दिया। बाद में उस निर्दयी बाप का शव भी बेटी के शव के पास ही मिला। फेसबुक पर यह सारा घटनाक्रम 24 घंटे तक देखा जाता रहा। बाद में फेसबुक के प्रवक्ता ने एक समाचार एजेंसी को ई-मेल पर खेद प्रकट किया और लिखा कि यह एक भयावह हादसा था। फेसबुक पर इस तरह के कंटेंट के लिए कोई जगह नहीं है। पिछले हफ्ते ही फेसबुक पर अमेरिका के क्लीवलैंड का एक लाइव स्ट्रीमिंग वीडियो जारी हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को गोली से निशाना बना रहा था। फेसबुक वाले कहते रह गए कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर हिंसक और वीभत्स पोस्ट तथा लाइव स्ट्रीमिंग को रोकने की तैयारी कर रहे हैं और दुनिया ने फेसबुक पर वह सब देखा, जो देखना नहीं चाहिए था।

फुकेट के घटनाक्रम में एक सनकी बाप 11 महीने की बेटी के गले में रस्सी फंदा डालता और बिल्डिंग की छत से लटकाता फेसबुक पर नजर आया। यह साफ नजर आ रहा था कि वह छोटी सी बच्ची गुलाबी रंग की ड्रेस पहनी थी और समुद्र के किनारे की सुनसान बिल्डिंग की छत पर एक व्यक्ति के साथ थी, जो उसका बाप था। लोगों ने फेसबुक पर देखा कि कैसे उस जल्लाद बाप ने अपनी बेटी के गले में फंदा डाला और नीचे लटका दिया। उस जल्लाद बाप की आत्महत्या का वीडियो रिकॉर्ड नहीं हुआ है।

पुलिस का कहना है कि उस व्यक्ति पर पागलपन का उन्माद छाया हुआ था। उसे यह डर था कि उसकी बीवी उसे छोड़कर चली जाएगी। उसकी बीवी उसे प्यार नहीं करती, इसीलिए उसने पागलपन में यह कृत्य कर डाला। उस पागल व्यक्ति की बीवी का कहना है कि वह करीब एक साल से उस व्यक्ति के साथ रह रही थी। अपने पूर्व पति से उसका पांच साल का एक बेटा भी है, जो अपनी मां के साथ रहता है। यह सौतेला बाप अपने सौतेले बेटे को अक्सर पीटता भी रहता था। पुलिस का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी उसे फोन पर किसी व्यक्ति ने दी और बताया कि उसने फेसबुक पर ऐसा घटनाक्रम देखा है। पुलिस ने उस जगह की तलाश की, तो पाया कि वह इन्टरनेशनल एयरपोर्ट के करीब बंद पड़ी होटल की बिल्डिंग है। पुलिस ने उस व्यक्ति के शव के पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया, जो वीडियो रेकार्ड कर रहा था, लेकिन उसके कैमरे का मुंह एक दीवार की तरफ था। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि इस कृत्य के पहले उसने अपनी बीवी से झगड़ा या मारपीट की हो। जब इस वाकिये की खबर बच्ची की मां को लगी, तो बदहवास सी अस्पताल की और भागी। उसकी बदहवासी और बढ़ गई, जब उसे पता चला कि न तो उसका पति जीवित है, न ही बेटी।

थाईलैण्ड की सरकार ने अपने देश के सभी नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे इस हत्या और आत्महत्या की करीब चार मिनिट की वीडियो क्लिप न तो कहीं शेयर करें और न ही उसे सेव करने की कोशिश करें। यह भी अपील की गई है कि इस दर्दनाक वीडियो की कॉपी नहीं की जाए।
कुछ ही घंटों में यह वीडियो इतना वायरल हो चुका था कि थाईलैण्ड के तीन चौथाई लोग इसे देख चुके थे। चार मिनिट का यह वीडियो होटल की बिल्डिंग की छत पर शूट किया गया था, जिसमें सूर्यास्त के कुछ ही समय पहले का दृश्य नजर आ रहा था। स्मार्टफोन के अनुसार जब वह रिकॉर्डिंग शुरू हुई, तब पौने छह बजे थे। वीडियो में वह जल्लाद बाप शराब की बोतल से कुछ घूंट भरने के बाद उसने बच्ची के गले में रस्सी बांध दी और छत से लटका दिया। शुरू के कुछ क्षणों में बच्ची के रोने की आवाज भी रेकॉर्ड की गई है, लेकिन उसके बाद वह आवाज बंद हो गई। इसके बाद उस व्यक्ति ने रस्सी में बंधी लड़की को ऊपर खींचा और उसकी गांठ खोल दी। फिर वह रस्सी उसने अपने गले में बांध ली।

इस मामले में उस बच्ची की मां का कसूर भी कम नहीं है। वह अपने पति से झगड़ा करती रहती थी। जिस दिन यह कांड हुआ उस दिन वह पति दोपहर को ही घर आ गया था। उसने अपनी बीवी के मोबाइल की पड़ताल की और झगड़ा भी किया। उस लड़की की मां अपनी बेटी को उस जल्लाद पिता के पास छोड़कर भाग जाने का ही इरादा करती थी, यह उसने बाद में पुलिस को बताया। थाईलैण्ड के टेलीविजन चैनल ने भी इस वीडियो क्लीप को नमक-मिर्च लगाकर दिखाया, जिससे एक अजीब सा वातावरण बन गया। थाईलैण्ड की सरकार ने इस पर गंभीर रूख अपनाया और फेसबुक को चेतावनी दी कि वीडियो को तत्काल हटा दिया जाए, लेकिन फिर भी फेसबुक से उसे हटाने में चौबीस घंटे लग गए। इस घटनाक्रम के बाद फेसबुक को अपने कंटेंट के बारे में और सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे हादसों को रोकना, तो उसके हाथ में नहीं है, लेकिन इसे प्रचार से रोकना उसके बस में है।