
ट्विटर ने गुरमीत राम रहीम का अकाउंट रोक दिया है। अब इस अकाउंट में कोई गतिविधि संभव नहीं है। डेरा प्रमुख के इस ट्विटर अकाउंट पर 30 लाख 57 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे। ट्विटर ने गुरमीत की कथित बेटी हनीप्रित इन्सान का अकाउंट भी रोक लिया है। इन दोनों ट्विटर अकाउंट का उपयोग गुरमीत राम रहीम के प्रचार के लिए होता रहा है। फेसबुक पर बाबा गुरमीत से जुड़े करीब 22 अकाउंट को बंद करने के लिए भी पुलिस कोशिश कर रही है।
जब भी गुरमीत राम रहीम की फिल्में रिलीज होती थी, तब इन अकाउंट से सैकड़ों की संख्या में ट्वीट किए जाते थे। बाबा के फॉलोअर्स इन ट्वीट को रि-ट्वीट करते थे और माहौल बना देते थे। फिल्मों के अलावा बाबा गुरमीत के प्रचार के अन्य तरीके भी यहां आजमाए जाते थे। मेसेंजर ऑफ गॉड (एमएसजी) फिल्म के गाने, ट्रेलर आदि के प्रचार के लिए भी बड़ी संख्या में ट्वीट किए जाते थे।
एमएसजी फिल्म के प्रदर्शन के पहले कथित बाबा के भक्त देशभर में फिल्म के प्रचार के लिए जुलूस निकालते थे। जुलूस के बैनरों पर एमएसजी फिल्म का प्रचार और उस फिल्म को देखने का संकल्प लिखा होता था। बाबा की फिल्मों के प्रचार में ये ट्वीट महत्वपूर्ण रोल अदा करते थे। एमएसजी के गाने पर भी कुछ इस तरह के होते थे, जिसमें बाबा को अवतारी पुरूष की तरह दिखाया जाता था। ऐसे अवतारी पुरूष-जिनके छूने मात्र से अपाहिज लोग दौड़ने लगते और बिस्तर पर पड़े मरीज चंगे हो जाते।
बाबा राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद सीने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (चिन्ता) ने उनका वर्क परमिट कैंसल कर दिया है। बाबा राम रहीम केवल बाबा ही नहीं था, वह आश्रम में रहने वाले साध्वियों को ‘माफी’ भी देता था। बाबा के लिए माफी का अर्थ अनैतिक रिश्ता बनाना होता था। सीने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन में बाबा राम रहीम ने अपने आप को रॉक म्युजिशियन, एक्टर और फिल्म निर्माता के रूप में रजिस्टर्ड करा रखा था। एसोसिएशन ने बाबा का यह निलंबन अपनी संस्था के नियमों के तहत किया है, जिसके अनुसार अगर कोई सदस्य आपराधिक गतिविधि में लिप्त होता है और उसे जेल की सजा होती है, तो उसकी सदस्यता अपने आप ही खत्म हो जाती है।
दिलचस्प बात यह है कि बाबा राम रहीम एमएसजी ऑनलाइन गुरूकुल नामक फिल्म भी लेकर आने वाला था, जिसमें उसकी कथित बेटी हनीप्रित भी प्रमुख भूमिका निभाने वाली थी। इस वर्ष के प्रारंभ में बाबा ने इसके पोस्टर भी रिलीज किए थे, जिसका संदेश था - ‘योर वेट इज ओवर’ अर्थात इंतजार की घड़ियां खत्म। इसमें वह वैदिक सुपर साइंस के बारे में भी जानकारी देना चाहता था। गुरमीत बाबा का दावा था कि उसके भक्त तमाम तरह के नशे त्याग कर सात्विक जीवन जीते है और सिगरेट, शराब, तम्बाकू आदि के नशे से दूर रहते है। बाबा गुरमीत का दावा है कि उसका म्युजिक एल्बम हाई-वे लव चार्जर अथाह लोकप्रिय हुआ था और उसकी 30 लाख प्रतियां बिक चुकी है।
बाबाओं की दुनिया में गुरमीत राम रहीम को सुपर फेंकू के रूप में जाना जाता है, क्योंकि उसका दावा था कि उसकी एमएसजी उर्फ मेंसेजर ऑफ गॉड फिल्म पूरी दुनिया में सुपरहिट रही है और उसकी एक फिल्म ने तो 450 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार किया है। जट्टू इंजीनियर नामक एक और म्युजिक एल्बम बाबा के नाम है। अब बाबा जेल में सश्रम कारावास भुगत रहा है और बीते दिनों को याद कर टसुए बहा रहा है।